परवाणू में मेन पावर ट्रांसफार्मर फेल, 16 घंटे उद्योग रहे जनरेटर के सहारे

सोलन। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में विद्युत बोर्ड का मेन पवार ट्रांसफार्मर फेल हो गया। इस कारण अधिकतर उद्योगों में 16 घंटे लगातार कट लगा रहा। उद्योगों का कामकाज जनरेटर के सहारे चला। सोमवार तड़के 4:30 बजे अचानक मेंन पावर ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए कर्मचारी लगे रहे। भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर को ठीक करने के लिए पूरा दिन लग गया। ऐसे में कई वार्डों में बीच-बीच में कट की समस्या का सामान करना पड़ा। रात करीब 8:30 बजे सुचारू किया। कट के दौरान वार्डों में अन्य जगहों के ट्रांसफार्मर की सहायता से सप्लाई दी।इस कारण लोगों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ी। अधिकतर परेशानी उद्योगों के संचालन में आई। वहीं, सेक्टर 1ए ऊंचा परवाणू में सुबह हाई वोल्टेज के कारण लाखों रुपये के उपकरण खराब भी हुए हैं। घरों में लगे टीवी, फ्रिज, एसी आदि उपकरण हाई-वोल्टेज की चपेट में आ गए। इससे हजारों रुपये का नुकसान लोगों का भी हुआ है।
सुबह करीब 4:30 बजे मेंन पावर ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई। इस कारण दिक्कत आई है। सप्लाई कोस सुचारू कर दिया है।
-ई. विकास गुप्ता, अधिशासी अभियंता, मंडल परवाणू।