July 10, 2025
#ताजा खबरें #हिमाचल प्रदेश

धर्मपुर, जाबली व चेवा पंचायत में खुले में फेंका जा रहा कचरा

परवाणू से सोलन तक फोरलेन किनारे कूड़े के ढेर लगाए जा रहे हैं। इससे प्रदेश की सुंदरता को ग्रहण लग रहा है। कालका-शिमला फोरलेन में हर रोज हजारों पर्यटक की आवाजाही होती है। परवाणू से सोलन के बीच जाबली, धर्मपुर व चेवा पंचायतें पड़ती हैं। इन तीनों पंचायतों में फोरलेन के किनारे रोजाना कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान व सदस्य मिलकर खुले मे कूड़ा फेंकने वालों के चालान काट सकते हैं। मगर ऐसा नहीं किया जा रहा है। चेवा पंचायत के तहत कुमारहट्टी स्थित फ्लाईओवर के नीचे रोजाना कूड़ा पड़ा रहता है। इसी तरह धर्मपुर पंचायत में भी कारोबारी व स्थानीय लोग धर्मपुर बाजार, सुबाथू रोड, शिमला रोड व पुलिस सहायता कक्षा के आसपास कूड़े के ढेर लगा रखते हैं। वहीं जाबली बाजार में भी खुले में कूड़ा फेंका जा रहा है। बता दें कि पंचायती राज विभाग की ओर से खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना करने की मंजूरी पंचायतों को दी गई हैं। पंचायतें इसमें अपने स्तर पर 200 से 500 रुपये तक जुर्माना कर सकती हैं। वहीं, पंचायती राज विभाग ने इस बारे में एसओपी भी जारी की है। उधर, धर्मपुर पंचायत की प्रधान बीना गुप्ता, उप प्रधान अजय गरचा, जाबली पंचायत की प्रधान कल्पना गर्ग व उप प्रधान विनय अत्री, गुल्हाडी पंचायत की प्रधान कमलेश व उप प्रधान दिनेश गोवर्धन ने कहा कि उन्हें अभी इसकी जानकारी नहीं है कि चालान काटने का क्या प्रावधान है। यदि ऐसा है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *